AI के लिए सरकारें पीछे हैं
रॉयटर्स को दिए एक इंटरव्यू में बिल गेट्स ने कहा कि दुनिया की सरकारें AI से होने वाले बदलावों के मुकाबले काफी पीछे चल रही हैं। उनके मुताबिक, AI समाज और अर्थव्यवस्था में बड़े बदलाव ला सकता है, लेकिन सरकारों की तैयारी उस स्तर की नहीं है जिसकी जरूरत है।
गेट्स ने कहा कि सरकारों को AI के प्रभाव को समझने और उससे जुड़े नियम व सुरक्षा व्यवस्था तैयार करने के लिए तेजी से काम करना चाहिए।
नौकरियों और साइबर सुरक्षा पर चिंता
बिल गेट्स ने AI से जुड़े कई संभावित जोखिमों का जिक्र किया। इनमें नौकरियों पर असर, साइबर हमलों का खतरा और AI companion पर लोगों की बढ़ती निर्भरता शामिल हैं।
हालांकि, गेट्स AI को केवल खतरे के रूप में नहीं देखते। उनका मानना है कि अगर इसका सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो AI स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में बड़े बदलाव ला सकता है।
बोले- जैसे कोई Disaster Movie हो
गेट्स ने AI के मौजूदा दौर की तुलना एक ऐसी डिजास्टर फिल्म से की, जिसमें किसी बाहरी खतरे के आने पर दुनिया के बड़े देश एक साथ मिलकर उससे निपटते हैं।
उनका कहना है कि AI कुछ हद तक ऐसी ही स्थिति है—यह तकनीक पहले ही हमारे बीच मौजूद है और दुनिया को इसके प्रभावों से निपटने के लिए मिलकर तैयारी करनी चाहिए।
AI के फायदे भी गिनाए
गेट्स ने चेतावनियों के साथ AI की संभावनाओं पर भी जोर दिया। उनकी फाउंडेशन ने अगले दो वर्षों में 1 अरब डॉलर AI से जुड़े कामों में लगाने की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि में AI की पहुंच बढ़ाना और अलग-अलग भाषाओं में इसके इस्तेमाल को बेहतर बनाना है।
यानी गेट्स का संदेश AI को रोकने के बजाय उसके जोखिमों के लिए पहले से तैयारी करने और इसके फायदे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर केंद्रित है